शनिवार, 20 मार्च 2010

एक “टिप्पणी” जो किसी “पोस्ट” से कम नहीं थी

अभी हिंदी ब्लॉग जगत में “अश्लील विज्ञापनों के खिलाफ” एक जोरदार बहस चल रही है, शुरुआत अनिल पुसदकर ने की और उस कई प्रतिक्रियाएं आयीं, जिन्हें मैंने अपनी पिछली पोस्ट में संकलित किया, उसके बाद ये ही चर्चा कई और ब्लोगों पर देखी गयी |

विषय सही है, बहस सार्थक चल रही है, जहाँ तक मेरी बात है तो  इस “अश्लीलता” का मैं सिरे से विरोध करता हूँ |आखिर हम इन चीजों से हम क्या साबित करना चाहते है|

इन्हीं सारी पोस्टों, टिप्पणियों के बीच एक ऐसी टिप्पणी मिली जो किसी पोस्ट से कम नहीं लगी, अतः आप भी इसको पढ़िए | 

“रचना जी, विज्ञापनों का जो मुद्दा उठाया गया है वह अपनी जगह ठीक है। वहाँ विचित्र व आपत्तिजनक विज्ञापनों की बात हो रही थी।
समस्या रवैये या कहिए attitude की है। इसका कोई सरल उपाय नहीं है। यह रवैया ही टिप्पणियों में चाहे अनचाहे झलकने लगता है। यह सदियों के अनुकूलन/ conditioning का परिणाम है। स्त्रियों का यहाँ, वहाँ, हर ब्लॉग पर भ्रमण करना कुछ व्यक्तियों के अवचेतन मन पर वही प्रभाव छोड़ता है (प्रहार करता है ) जो एक दो पीढ़ी पहले स्त्रियों को अड़ोस पड़ोस में जाकर बैठने, बतियाने, या मेला देखने, घूमने जाने पर होता था। लगता था कि ये खाली (पंजाबी में वेल्ली जनानी ) औरत समय बरबाद कर रही है। यह फालतू, घटिया औरत है। स्त्री से हर समय स्वयं को काम में व्यस्त रखने की अपेक्षा की जाती थी। यदि सब काम खत्म हो जाएँ तो सिलाई, कढ़ाई, बुनाई तो कर ही सकती थी,(मैं भी करती रही हूँ।) किसी का सिर या पैर दबा सकती थी।
लोग कहना तो शायद सही ही चाहते हैं किन्तु आदत ही ऐसी पड़ गई है कि यदि स्त्री की बात करनी है तो कुछ छोटा दिखाने वाले ( derogatory) शब्द या भाषा, या फिर सीख देने वाली भाषा अनचाहे ही अपने आप कूदकर चली आती है। मायावती, सोनिया,ममता व अपने कार्यक्षेत्रों में जब अधिक से अधिक सामना स्त्री बॉसेज़ से होने लगेगा तो यह सब अपने आप ही छूटता जाएगा। यह कुछ कुछ वैसा ही है जैसे छोटे बच्चे से बात करते समय बहुत से लोग तुतलाने वाली भाषा की मोड में आ जाते हैं, बच्चे के गाल नोचने लगते हैं आदि। हम हर समय चैतन्य नहीं रहते हैं, प्रायः स्वचालित/ औटो पायलेट वाली मोड में जीते हैं और यह उनकी स्वाभाविक यन्त्रवत प्रतिक्रिया होती है।
जहाँ तक 'स्त्रियाँ कहाँ हैं, क्यों नहीं बोल रहीं' का उत्तर है तो क्या कभी ऐसा हुआ है कि आप समाचारपत्र पूरा का पूरा बिना एक स्त्री के रूप में आहत हुए पढ़ लें? या फिर ढेर सारे ब्लॉग बिना आहत हुए पढ़ लें? हाँ, हमें आपत्ति करनी चाहिए किन्तु कब तक और किस किस की? हम करते हैं, परन्तु बीच बीच में चुप भी हो जाती हैं। कश्मीर में स्त्रियों की नागरिकता को लेकर, महाराष्ट्र में बच्चों के अधिवास को लेकर जहाँ डोमिसाइल उस ही को मिलेगा जिसका पिता महाराष्ट्र में पैदा हुआ हो,या न्यायाधीष जब कहें कि पीड़िता को अपने बलात्कारी से विवाह करने का अधिकार होना चाहिए? हाँ, अवश्य होना चाहिए। किन्तु तब जब वह अपनी सजा भी पूरी कर ले। घर, बाहर, सड़क, दफ्तर, कॉलेज कौन सा स्थान ऐसा है जहाँ हमें इस रवैये का सामना नहीं करना पड़ता? यदि सड़क पर पुरुष सीटी बजाता है,बुरा व्यवहार करता है तो हमें कपड़ों पर उपदेश मिल जाते हैं। यदि स्त्री का बलात्कार होता है तब भी। यदि घर पर स्त्री का उत्पीड़न होता है तो या तो यह कहा जाता है कि तुमने ही पति को मारने को उकसाया होगा या यदि सास द्वारा उत्पीड़न हो तो यह सुनने को मिलता है कि 'स्त्री ही स्त्री की शत्रु है।'
तो जब आप रैगिंग का विरोध करते हैं तो क्या हम च च च कहने की बजाए यह कहती हैं कि 'पुरुष ही पुरुष का शत्रु है?' या फिर जब आप कहते हैं कि नगर में अपराध बढ़ गया है, हत्याएँ हो रही हैं, खुले आम घूस माँगी जा रही है या फिर जब कहीं पुरुषों पर लाठी चार्ज होता है तो क्या वही ब्रह्म वाक्य 'पुरुष ही पुरुष का शत्रु है' कह देते हैं? या फिर यदि पति दफ्तर से परेशान सताया हुआ,पुरुष बॉस की झाड़ खाकर आता है तो गरम चाय देने या उसके घावों पर मरहम लगाने की बजाए यह कह देती हैं कि 'पुरुष ही पुरुष का शत्रु है।'
स्त्री दफ्तर से आती है तो आते से ही उसे रसोई में घुसना चाहिए, पति, ससुर सास को चाय देकर भोजन बनाना चाहिए। क्योंकि वह नौकरी करके किसी पर उपकार नहीं कर रही। बड़ी अफसर होगी तो दफ्तर में। किन्तु जब पति उस ही दफ्तर से उस ही पद से काम करके आता है तो वह थका होता है, उससे उलझना नहीं चाहिए, उसे एक मुस्कान के साथ चाय देनी चाहिए। फिर निर्बाध टी वी देखने देना चाहिए।
समाज को बदलने में समय लगेगा। यदि बदलाव में उन्हें अपना लाभ दिखेगा तो जल्दी बदलेंगे यदि हानि तो देर लगाएँगे। खैर बदलना तो पड़ेगा ही। हमें क्रोध आना स्वाभाविक है किन्तु साथ साथ इस समाज की मानसिकता को भी समझना ही होगा। यह समझना होगा कि वे हम पर आक्रमण नहीं कर रहे,हमारे प्रति उनकी भाषा ही ऐसी है,लहजा ही ऐसा है। यदि स्त्री शक्तिशाली बनें,ऊँचे पदों पर बैठें तो देखिए लहजा, भाषा सब बदल जाएँगे, कम से कम स्त्री के सामने तो।
घुघूती बासूती”

गुरुवार, 18 मार्च 2010

हिंदी ब्लॉग जगत पर कल पढने को मिलीं कुछ सार्थक टिप्पणियाँ


कल रोज की तरह हिंदी ब्लॉग जगत में विचरण कर रहा था, तो एक बेहद बढ़िया एवं सार्थक पोस्ट पढ़ने को मिली | पोस्ट तो सार्थक थी ही साथ ही टिप्पणियाँ भी उतनी ही सार्थक | मैं यहाँ कुछ टिप्पणियाँ फिर यहाँ प्रस्तुत कर रहा हूँ, अगर आप इससे छूट गए हो तो यहाँ पढ़ लें|
मूल पोस्ट का कुछ अंश यहाँ है….पूरी पोस्ट लेखक के ब्लॉग पर जाकर पढ़ लीजियेगा |
लड़कियां मोबाईल का प्लान नही है टाटा सेठ जो चाहे रोज़ बदल लो!
लड़किया क्या होती है?प्रेमिका,दोस्त या रोज़ बदलने वाली कोई कोई खूबसूरत चीज़?सच मानें तो इस देश मे महिलाओं को जो स्थान दिया गया था पता नही क्यों वो अब षड़यंत्रपूर्वक छीना जा रहा है?क्या आप एक प्रमिका को एक सेकेण्ड मे दोस्त मे बदल सकते हैं?क्या आप अपनी प्रेमिका को दोस्त मेबदल कर उसे छोड़ दूसरी लड़की के साथ जा सकते हैं?नही ना?मगर आजकल ऐसा ही होता है,ये मैं नही कह रहा बल्की एक जानी मानी मोबाईल कंपनी का विज्ञापन कह रहा है?देखा है ना आपने टीवी पर वो विज्ञापन?नही?अरे कैसी बात कह रहें है? टीवी पर आजकल एक मोबाईल कम्पनी का विज्ञापन खूब दिखाया जा रहा है।इस विज्ञापन में एक जोड़ा रेस्त्रां मे बैठा रहता है और अचानक़ लड़का प्रेम पर सवाल खड़ा करता है जिस पर लड़की भी सहमती जताती देती है और लड़का लड़की से कहता है कि आज से वे दोस्त हैं और लड़का ऊठ कर दूर बैठी उसे देख कर मुस्कुरा रही एक बेहद उत्तेजक़ और जिस्म ऊघाड़ू कपड़ों मे बैठी लड़की की ओर चला जाता है।वो लड़की उसे देख कर मुस्कुराती है और दोनो उठ कर चल देते हैं तभी लड़का अपनी पुरानी प्रेमिका की ओर देखता है तो उससे एक दूसरे युवक को मनुहार करते देखता है।एक पल के लिये चौंकने के बाद वो मुस्कुराता है और नई लड़की के साथ निकल लेता है और उसके बाद मोबाईल कंपनी का डेली प्लान का विज्ञापन शुरू हो जाता है……..पूरा पढ़े
रचना जी ने कहा …
आप ने जब भी लिखा हैं मेरा सहमति का कमेन्ट वहा जरुर होगा और टी वी देखने के लिये भी समय चाहिये होता हैं जो आज कल कम ही मिलता हैं बाकी मैने सुना हैं charity begins at home . ब्लॉग जगत मे महिला ब्लॉगर के प्रति शब्दों के चुनाव पर आप कभी जरुर लिखे वैसे मै तो लिखती ही रहती हूँ !!और आगे भी पुरजोर कोशिश रहेगी कि जहां तक हो सके अपने आस पास से जितनी अपमान जनक भाषा का प्रयोग होता हैं जो कि एक प्रकार का जेंडर बायस हैं उसको सामने ला सकूँ क्युकी taken for granted हैं कुछ बाते जिनको सामने लाना जरुरी हैं । आप विज्ञापन से लाये , मै ब्लॉग / कमेन्ट से लायूं शायद बदलाव कि शुरुवात हो
सादर
आराधना चतुर्वेदी  जी ने कहा ….
बाज़ार में औरतों को आज से नहीं, बहुत पहले से शो पीस की तरह पेश किया जाता है. यह विज्ञापन मुझे भी बहुत अटपटा लगा था. लेकिन यह सिर्फ़ औरतों के विरुद्ध नहीं है क्योंकि इसमें लड़का-लड़की दोनों अपने-अपने पार्टनर्स बदल लेते हैं. यह आज की नयी पीढ़ी को सम्बोधित है, जो पहले से ही प्रेम जैसी चीज़ों को तुच्छ समझती है और जिसे इस तरह के विज्ञापन यह आश्वस्ति दिलाते हैं कि तुम कुछ गलत नहीं कर रहे हो, ऐसा तो होता ही है, यह तो आज का लाइफ़ स्टाइल है. तेजी से गर्ल फ़्रैंड या ब्वॉय फ़्रैंड बदलना एक स्टेटस सिम्बल बन गया है.
ये तो हुयी एक बात. लेकिन जिस दूसरी बात पर रचना जी ने आपत्ति की है, वह है ब्लॉगजगत की कुछ औरतों के लिये एक टिप्पणी में यह कथन " ओर ब्लांग कि कुछ खास नारिया जो अपने आप को ब्लांग की ओर नारियो की ठेके दार समझती है वो क्यो नही ऎसे मामलो पर बोलती?? जो सभी ब्लांग पर थाने दारो की तरह घुमती फ़िरती है..." यह कथन किसी भी महिला को सम्बोधित हो, पर ऐसी भाषा का प्रयोग कतई उचित नहीं है.
नारी ब्लॉग, टीवी सीरियल्स और विज्ञापनों में नारी-चित्रण जैसे मुद्दों को समय-समय पर उठाता रहा है. इसके अतिरिक्त इस ब्लॉग का प्रयास रहता है कि ब्लॉगजगत में महिलाओं के प्रति अनुचित भाषा के प्रयोग, आपत्तिजनक लेखों, अभद्र टिप्पणियों और बाज़ार की तरह नारी के शो-पीस की तरह प्रयोग का विरोध करे. नारी ब्लॉग इस समय औरतों का सबसे बड़ा कम्युनिटी ब्लॉग है. इसलिये जब यह कहा जाता है "ब्लॉग जगत की कुछ नारियाँ" तो यह आक्षेप हम पर भी किया जाता है. नारी कोई भी हो, किसी भी जाति, वर्ण, धर्म की हो, उसके विरुद्ध यदि ऐसी भाषा का प्रयोग होगा तो हम इसका विरोध करेंगे.
रंजना सिंह जी ने कहा …
यह विज्ञापन देखा तो नहीं है,पर समझ सकती हूँ की कैसे दिखाया जा रहा होगा...
क्या कहूँ,खून खौल जाता है ऐसे विज्ञापनों को देखा कर ... पर सिवाय इसके बहुत अधिक कुछ कर पाना हमारे हाथ में भी तो नहीं....
जिनके हाथ में कुछ करने का सामर्थ्य है,वे तो कब के अपने आँखों पर नोटों की पट्टी और कानों में तेल डाले बैठे हैं...उन्हें क्या फर्क पड़ता है कि देश की संस्कृति को ये विज्ञापन,टी वी कार्यक्रम कैसे प्रतिपल बलत्कृत करते रहते हैं...
किसे कहें...स्त्रियों की नग्नता के साथ चिपका कर अपने उत्पाद को येन केन प्रकारेण बाज़ार में खपाने वाले उद्योगपतियों को....पैसा ले इन्हें प्रचारित करने वाले संचार माध्यमों को....या फिर अपने को वस्तु बना परोसती इन अर्थलोलुप बालाओं को....

डॉ महेश सिन्हा जी ने कहा …
पहली बात तो बधाई इसपर लिखने के लिए कल रात ही इसपर लिखने की सोच रहा था :) .
अब दूसरी बात पर की क्या सही और गलत तो ज्यादातर लोग इसका विरोध करेंगे लेकिन थोड़ा आसपास नजर घुमाएँ तो तस्वीर कुछ धुंधली ही दिखाई देती है .
आज महानगरों और छोटे शहरों में कोई ज्यादा अन्तर नहीं रह गया है . live in relationship( बिना विवाह दो विपरीत लिंग के लोगों का एक घर में रहना ) इस देश में भी अपनी धमक दे चुका है .
व्यापारवाद जिसे हमने आँखें बंद करके पश्चिम से अपनाया है तो और क्या उम्मीद की जा सकती है.
एक पुराना गीत याद आ गया : रिश्ते नाते प्यार वफा सब वादे हैं वादों का क्या ........
राज भाटिय़ा जी ने कहा…..
ऎसे विज्ञापन पर लोग कयो नही एतराज करते, ओर ब्लांग कि कुछ खास नारिया जो अपने आप को ब्लांग की ओर नारियो की ठेके दार समझती है वो क्यो नही ऎसे मामलो पर बोलती?? जो सभी ब्लांग पर थाने दारो की तरह घुमती फ़िरती है.... अगर हम सब इन बातो का बिरोध करे तो किसी की हिम्मत नही हो सकती ऎसे विज्ञापन दिखाने की.
आप ने इस ओर ध्यान दिलाया, आप का बहुत बहुत धन्यवाद
भावेश जी ने कहा…..
अनिल जी बस इतना ही कहूँगा की आज के परिवेश में हमारे देश में नोट और वोट के लिए देश में कोई भी कही भी किसी भी स्तर तक गिर सकता है. अच्छा और बुरा कौन देखता है. ये भोंडा विज्ञापन भी ग्राहक को आकर्षित कर कमाई करने का खेल है.

मेरे पोस्ट लिखने के बाद कुछ और टिप्पणियाँ और आई है, मैं उनको भी यहाँ समेट रहा हूँ :
रचना जी ने कहा …
बिना पोस्ट पढे और बिना कमेन्ट को पढ़े और समझे आप अगर कमेन्ट करते हैं तो पोस्ट लेखक और कमेन्ट करने वाले दोनों के साथ और खुद अपने साथ अन्याय ही करते हैं । जबरदस्ती कमेन्ट देना क्या जरुरी हैं । जो बात राज भाटिया ने कही हैं और मैने और मुक्ति ने प्रतिकार किया हैं आप उस कथन को मेरा बयान कह रहे हैं । हिंदी ब्लॉगर कितना पढते हैं और कितना उनका पूर्वाग्रह हैं इसी से पता चलता हैं ।इस गलत ब्यान बाज़ी को आप क्या कहेगे जो आप कर रहे हैं और जो प्रश्न आप मुझसे पूछ रहे हैं अपने परम मित्र श्री राज भाटिया से पूछ कर पोद्सत बनाए । हद्द हैं और अनिल जी ऐसे कमेन्ट आप एप्रोवे भी कर रहे हैं ???


रेखा श्रीवास्तव जी ने कहा....

विज्ञापन में चाहे वो सेविंग करें का हो उसमें लड़की जरूर दिखाई देगी, जैसे की हर चीज उससे ही जुड़ी है. ये हैं व्यापार के तौर तरीके. इस तरह के विज्ञापन निंदनीय हैं, वैसे मैंने देखा नहीं है क्योंकि मैं TV पर जाने का समय कमही निकाल पाती हूँ.


@ राज भाटिया जी,

वैसे इस समाज के थानेदार तो अभी तक मर्द ही होते आ रहे हैं? अब गर आप हम सब को भी उसी श्रेणी में रख रहे हैं तो नाम भी उजागर कर दें तो ये तथाकथित थानेदार अपनी ड्यूटी तो संभाल लें. रहा सवाल ब्लॉग पर जाने का तो सभी एक दूसरे के ब्लॉग पर जाते हैं. मैं इसका अपवाद हूँ. अगर बहुत अच्छी चीज ब्लोग्वानी या चिट्ठाजगत पर नजर आ जाती है तभी उधर का रुख करती हूँ अन्यथा समय का आभाव है. अब जब ये ब्लॉग नजर आ गया तो चली गयी.

अनिल जी, जैसे हम विज्ञापन में इस तरह के प्रदर्शन के प्रति विरोध प्रकट करते हैं , वैसे ही कमेन्ट पर भी जो आप अपने लिए स्वीकार न करें उसको कमेन्ट में भी स्वीकार न करें.जिसमें कि किसी को भी आक्षेपित किया गया हो. वह हम भी हो सकते हैं और आप भी.

डॉ महेश सिन्हा जी ने कहा ....
" हिंदी ब्लॉगर कितना पढते हैं और कितना उनका पूर्वाग्रह हैं इसी से पता चलता हैं "

यह तो सारे हिन्दी ब्लागरों और हिन्दी की तौहीन है . हिन्दी से इतना गुरेज है तो लोग यहाँ क्या कर रहे हैं

प्रशांत प्रियदर्शनी जी ने कहा .....

मेरी समझ थोड़ी कम है मगर फिर भी मुझे जो समझ में आया वह जरूर कहना चाहूँगा.. इस एड में महिला को लेकर कहीं भी बात नहीं कही जा रही है और ना ही महिलाओं को बाजार में बैठा दिखाया जा रहा है.. इस एड में जो लड़के कर रहे हैं वही लड़कियां भी कर रही हैं.. एक तरह का सांस्कृतिक हमला कह सकते हैं इसे..


वैसे मैंने आम जिंदगी में भी ऐसा कुछ देखा है(कालेज जीवन में), जहाँ लड़के-लड़कियों को हर हफ्ते ब्वाय फ्रेंड और गर्ल फ्रेंड बदलने का शौक था, और लड़के-लड़कियां भी मन में बिना किसी ग्रंथी को पाले इसे आराम से स्वीकार करते रहे थे..

मैं यह सब बात इन बातों के समर्थन में नहीं कर रहा हूँ, इस सांस्कृतिक हमले के विरोध में मैं भी हूँ.. मगर यह भी जरूर कहूँगा कि चाहे एक पीढ़ी पहले के लोग कितना भी विरोध जताए, मगर बीता समय वापस नहीं लाया जा सकता है.. समय का पहिया कभी पीछे कि तरफ नहीं घूमता है.. एम टीवी कल्चर का एक और प्रभाव है यह..

वैसे इसी विषय पर एक और पोस्ट लिखी गयी है :
अनिल पुसदकर जी के नाम पाती किन्तु इससे उनका कोई लेना देना नहीं जो........व्यक्तिगत विचारों को सर्वोपरि मानते हैं......?

गुरुवार, 4 मार्च 2010

कल मैं गांव से लौटा हूँ ..सोचा कुछ हाल-चाल बता दूं आपको

मैं कल अपने गांव से लौटकर आया हूँ , सोचा कुछ शेयर किया जाये आप लोगों के साथ | पहले तो बता दूं कि अबकी बार "होली" बहुत ही जबरदस्त रही , आशा है आपकी भी रही होगी |

गांव गया था, वैसे तो मैं हर ४ या ५ महीने बाद जाता रहता हूँ |अबकी बार कुछ ज्यादा ही परिवर्तन दिखायी दिए | जिस सड़क को पहले हम बचपन अवस्था में छोड़कर आये थे , वो अब लगता है "प्रोजेरिया" रोग से ग्रसित हो गयी, तभी तो उसने थोड़े ही दिनों में अपनी तीनों अवस्थाएं देख ली .....यानि अब जब मैं वापस गया तो वह सड़क अपनी आखिरी स्टेज में पहुँच चुकी है | हाँ वैसे उसे कहा "उच्च गुणवत्ता" का जा रहा था |

खैर आगे गेंहूँ के खेत तो लहरा रहे थे, "बाली" तो आ गयी है सबपर पर अभी "दाना" छोटा छोटा है | तम्बाकू, बंद-गोभी के खेत भी देखते ही बनते है | "जौ" के खेतों का क्या कहना |

हाँ एक परिवर्तन और दिखा जहाँ पहले "बिजली" महारानी दिन में मुश्किल से ६ या ७ घंटे रहती थी, अब वहाँ कम से कम १२ या १४ घंटे तो जरूर ही रहेंगी | बीच बीच में कट तो अभी भी काफी है , पर उनकी भरपाई भी वे जरूर करती है | हाँ लेकिन "शाम" को इनके दर्शन पहले की तरह अभी भी दूभर है |
गांव की सडकें, जो पहले ईंटों के "खंडंजा" हुआ करते थे, वे अब पूरी तरह से "कंक्रीट" की मोटी मोटी चादरों में तब्दील हो चुके है | कीचड़ मानों "विलुप्त" हो गया है |

हाँ मेरे गांव के दक्षिणी छोर पर एक विशाल भू-भाग पर एक "वन" हुआ करता था | मेरी धुंधली याद में वो काफी घना एवं हरा भरा था | पहले वो गांववालों के "कहर " से काफी घायल हो चूका था , फिर पिछली साल जब "वन विभाग" ने उसमे कुछ दिलचस्पी दिखायी तो लगा कि अब कुछ दिन सुधरेंगे | घेरा-बंदी हुई, पुरानी झाडियाँ, पेड़, काट दिए गए, नए भी लगाए गए | फिर "वन विभाग" उन नवजातों(पेड़) को भुलाकर चले गए, बाद में कभी उनकी सुध नहीं ली | अब हालात ये है कि हमारा वो "वन" अब वैसा भी नहीं रह गया | अब वहाँ हम "क्रिकेट" खेल सकते है | इससे से बेहतर मेरा पहले ही था |

और माहौल, भाईचारा, सब सही है | आगामी "पंचायत चुनावों" के लिए गणित  अभी से चालू हो गया है |  और सब बढ़िया है ......

ग्राम- खरसुलिया
जिला - एटा
उत्तर प्रदेश


मंगलवार, 26 जनवरी 2010

उठे जहाँ भी घोष शांति का, भारत, स्वर तेरा है....(जय भारत.)

सर्व-प्रथम तो आप सभी को ६१वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं |

उन सभी महान आत्मायों को शत शत नमन जिनके महान बलिदान से आज हम एक स्वतंत्र राष्ट्र में साँस ले रहे है | उनके योगदानों के बारे में लिखना, सूर्य को दीपक दिखाने जैसा है | उन्होंने वो बहुत कुछ किया जो लिखा नहीं जा सकता है |

भारत, विश्व पटल पर पहले भी जगद-गुरु की भूमिका निभाता रहा है | यहाँ के मानस में "// अयं निजः परोवेति गणना लघुचेतसाम| उदार चरितानां तु वशुधैव कुटुम्बकम //" वाक्य कूट कूट कर भरा हुआ है |

अब भी हम संस्कृति तथा सभ्यता में उत्कृष्ट है, ये उत्कृष्टता ही हमारी पहचान है | कई सभ्यताएं लगभग मिट चुकी है, पर हम अब भी बरक़रार है | हाँ कुछ तत्व है, जो इस संगमरमर पर अम्ल की तरह काम कर रहे है | पर उन्हें पता होना चाहिए कि ..

"युनान, मिस्त्र, रोमन सब मिट गए जहाँ से,

बाकी अभी है लेकिन नामोनिशाँ हमारा |

कुछ बात है कि हस्ती मिटती नहीं हमारी ,

सदियों रहा है दुश्मन दौरे जहाँ हमारा ||"

अब पाकिस्तान, चीन लगातार हमारी अखंडता, एकता, भाईचारे को क्षति पहुचाने की पुरी कोसिस कर रहे है| पर उन्हें पता होना चाहिए कि "भारत" अपने आप में ही एक अखंड एवं अटूट है | यहाँ बापू,पटेल, नेहरू, मौलाना कलाम, शास्त्री, अब्दुल कलाम के पद-चिन्ह है, जिन पर चलना यहाँ बच्चों बच्चों को सिखाया जाता है |

यहाँ "बापू" कहते थे ...

"मुंह से उफ़ तक किये बिना, अधिकारों के हित अडना है |

नहीं आदमी से, उसकी दुर्बलता से लड़ना है ||"

ये वही भारत है, जिसे "दिनकर" ने  कहा है ...

उठे जहाँ भी घोष शांति का, भारत, स्वर तेरा है
धर्म-दीप हो जिसके भी कर में वह नर तेरा है
तेरा है वह वीर, सत्य पर जो अड़ने आता है
किसी न्याय के लिए प्राण अर्पित करने जाता है
मानवता के इस ललाट-वंदन को नमन करूँ मैं !

पर हम्हे लगातार इन्हीं आदर्शो पर चलना है, हाँ बीच में कुछ भटके है | पर अब हम में एक नया जोश है |

एक नयी उम्मीद .....एक नए ....लोहिया ....जेपी ...की तलाश ....एक "बापू"
जैसा और एक .......बच्चों का "चाचा".......की तलाश

"मन्त्र पुराने काम न देंगे, मन्त्र नया पढना है ,

मानवता के हित मानव का रूप गढना है |"

जो दुर्भावना रूकावट बने उसे....

"मसल कुचल दो विष-दंतों को, फिर न ये कभी ये काट सकें ,

करो नेंस्तानाबूत इन्हें अब, न सिर फिर ये कभी उठा सके |"

और पूरा विश्वास है ....कि हम होंगे दिन .....कामयाब ..

जय हिंद दोस्तों  

 

सोमवार, 25 जनवरी 2010

हम जरूर होंगे कामयाब....हम होंगे विश्व-शक्ति ....(भारत)

एक और २६ जनबरी....हमारे सीने गर्व से तन रहे है ....हो भी क्यूँ ना ....हम एक भविष्य की विश्व-शक्ति के नागरिक है | हमारे पास युवा-शक्ति है |हमारे दुनिया का बेहतर मानव संसाधन है ....सारे इधर ही ताक रहे है | युवा प्रतिभाये ....पूरी दुनिया में लोहा मनवा रही है | रक्षा प्रलाणी में हम बेहतर होते जा रहे है, आईटी में हमारे लोहा पहले से ही है | कुल ,मिलाकर ....सही दिशा में जा रहे है | हम पहुंचेगे मंजिल पर....पूरी गारंटी है |

लेकिन किसी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए लगातार एवं उचित प्रयास की जरूरत होती है | बस इसी बात को हम्हे ध्यान रखना है | हमारे इच्छाशक्ति दृढ  होनी चाहिए| सबसे जरूरी मानव संसाधन, शिक्षा के स्तर में हम पिछड रहे है | मात्र कागजों पर आंकड़े दिखाने से शिक्षा स्तर नहीं सुधरेगा | मसलन कागजों में कंप्यूटर कई सरकारी स्कूलों में पहुँच चूका है , पर असलियत से आप वाकिफ होंगे ही , जब बिजली ही नहीं है , तो बेचारे कंप्यूटर.....|

लोगों का सरकारी स्कूलों पर से बिलकुल भरोसा उठता जा रहा है ,और निजी स्कूल मनमानी कर रहे है , आज  निजी स्कूल जब मन चाहे फीस बढ़ा देते है |

शिक्षकों के चयन में भी काफी पारदर्शिता आनी चाहिए , क्यूँकि एक योग्य शिक्षक ...कई सारे अतिरिक्त संसाधनों से काफी है |
और क्या कहना....सबसे जरुरी शिक्षा (गुणवत्ता-पूर्ण)....शिक्षा से जागरूकता ....जागरूकता से अच्छे राष्ट्र का निर्माण होगा |और एक अच्छा राष्ट्र ही आगे (बहुत आगे) बढ़ता है |

 

गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभ-कामनाएं

 

बुधवार, 30 दिसंबर 2009

कैसे लाये नए पाठक एवं लेखक (ब्लॉगर) हिंदी ब्लोगिंग जगत में ...

मुझे हिंदी में ब्लोगिंग करते हुए कम से कम एक साल तो हो ही गया होगा  | इस एक साल में मैंने बहुत कुछ सीखा है | आप लोगों का भरपूर प्रोत्साहन एवं मार्गदर्शन मिला | हिंदी ब्लोगिंग की दुनिया के बारे में मेरा जो भी अनुभव है ,जैसे कैसे नए पाठक एवं नए लेखक जोड़े जाये ? मैं यहाँ नववर्ष की पूर्व संध्या पर कहना चाह रहा हूँ |

हिंदी ब्लोगिंग के बारे में कुछ तथ्य मेरे अनुभव किये हुए है , जो मैं  यहाँ लिख रहा हूँ |

Ø  यहाँ ज्यादातर पाठक , लेखक (ब्लॉगर) होते है | मतलब हम लोग ही एक दूसरे को पढते है , टिप्पणी कर लेते है |

Ø  ज्यादातर लोग यह समझते है कि हिंदी ब्लोग  सिर्फ बड़े लेखक, कवि, या समाजशास्त्री लिखते है |

Ø  यहाँ ब्लॉग से कमाई करने के तरीके ना के बराबर है |

Ø  ज्यादातर युवा लेखक (ब्लॉगर), हिंदी में लिखने में अपनी बेज्जती( फ्रेंड्स के बीच) समझते है | 

अब कैसे ये सारे तथ्यों(या समस्यायों) को हल करके हम अपनी हिंदी ब्लोगिंग क्षेत्र को इंटरनेट पर बहुचर्चित कर सकते है ,इसके बारे मैं कुछ अपने विचार साझा करना चाहता हूँ | जैसे कि

Ø  ऑरकुट  हमारे देश में काफी लोकप्रिय है , लगभग हर युवा जो इंटरनेट का उपयोग करता है , उसका अकाउंट ऑरकुट पर जरूर होगा | इसलिए ये प्रचार करने का बहुत बढ़िया तरीका हो सकता है | और  लगभग हम सभी (ब्लॉगर) भी ऑरकुट का यूज करते है | कई लोग इसके जरिये भी अपने ब्लॉग को नये दोस्तों तक पहुंचाते है | कुछ अप्लिकेशन है जैसे ट्विटकुट (Twitkut) जो कि आपके ट्विटर पर किये गए ट्विट (जोकि आपके ब्लॉग के बारे में भी हो सकता है ) को ऑरकुट पर अपडेट कर देता है | एक बात और अपने ब्लॉग के साथ हम अगर ब्लोग्वानी और चिटठाजगत के बारे में भी लोगो को बताये तो हिंदी ब्लोगिंग को और भी पाठक ,ब्लॉगर मिलेगे |

Ø   हिंदी दैनिक भी इसमे बहुत बड़ी भूमिका निभा सकते है. और कुछ निभा भी रहे है | उनको अपने लेखो में ब्लोग्वानी और चिट्ठाजगत के बारे में लिखना चाहिए | नया ब्लॉग कैसे बनाते तथा कैसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाए इसके बारे में अपने लेखों में लिखना चाहिए |

Ø  कई बड़ी हस्तियाँ(अभिताभ बच्चन, आमिर खान ) जो कि इंग्लिश में लिखते है , को भी कम से कम एक प्रति हिंदी में छपवानी या खुद लिखनी चाहिए |

Ø  स्कूल , कॉलेज या फिर कम्पूटर संस्थान को भी अपने छात्रों को हिंदी में लिखने (ब्लॉग) के बारे में बताना चाहिए |

Ø  ट्विटर पर अपना फ्रेंड्स सर्कल बढ़ाकर , हिंदी ब्लॉग का प्रचार कर सकते है |

ये कुछ उपाय मेरे तरफ से है | इनमे बहुत से और तरीके भी हो सकते है | आपके टिप्पणी का इंतज़ार रहेगा , टिप्पणी में कोई आप अपना तरीका बताएं | जिससे हिंदी ब्लॉग जगत नए साल में नयी बुलंदियां छुए |

 ====
नववर्ष मंगलमय हो |

रविवार, 27 दिसंबर 2009

आज हिंदी ब्लॉग जगत पर एक बेहद स्वस्थ्य एवं सार्थक बहस पढने को मिली ...

आज जब मैं हिंदी चिट्ठों की दुनिया में विचरण कर रहा था | तब अचानक संगीता पुरी जी के चिट्ठे पर पहुंचा | वहाँ मुझे एक बढ़िया पोस्ट तो पढने को मिली ही , साथ लवली कुमारी जी और संगीता जी के बीच धर्म और विज्ञान पर एक स्वथ्य एवं सार्थक बहस पढने को मिली | ऎसी बहस ब्लॉग में मौजूद टिप्पणी कि सुविधा को और भी सार्थक बना देता है | वास्तव मर टिप्पणियों के जरिये ऐसी ही सार्थक बहस की जरूरत है | अगर आप ये बहस पढने से चूक गए है , तो लीजिए यहाँ प्रस्तुत है : 

 

लवली कुमारी / Lovely kumari ने कहा:

संगीता जी
आप कुछ बातों से सहमत होते हुए ..कुछ से असहमत होने की सुविधा चाहूंगी .
धर्म का अर्थ बहुत व्यापक है इसे संप्रदाय के अर्थ में लेना कुछ ठीक नही लगता. आपने ठीक कहा की विदेशी आक्रमणों के कारन भारतीय पुरातन ज्ञान -विज्ञान को बहुत हानि पहुंची है.
जिस विज्ञान की बात आप कर रही हैं वह वस्तुतः समाज के सम्पन्न वर्ग द्वारा फैलाया गया आधे - अधूरे ज्ञान का मायाजाल है. वास्तविक विज्ञान को इस डर से लोगों के सामने आने नही दिया जाता की कहीं वे प्रगति का मार्ग दिखा कर लोगों को दुःख तकलीफों से मुक्त न कर दे. वास्तविक विज्ञान वह है जिसके आधार पर हम कारण और परिणाम में स्पस्ट सम्बन्ध बैठा सकें. इस मायाजाल रूपी अधकचरे ज्ञान से उस वर्ग को लाभ पहुंचेगा जिस के पास सुविधाओं की कोई कमी नही है. रही बात प्रकृति और ईश्वर की वह कोई ऐसा विषय नही जिसे किसी ११-२०० शब्द की टिप्पणी में निपटाया जा सके..उसपर लिख ही रही हूँ ..आगे भी लिखती रहूंगी.
रही बात परंपरा की तब सती प्रथा, मानव वध(बलि) और बहुपत्नी प्रथा भी परम्पराएँ थी ..पर वह कितनी सही थी आप भी जानती हैं. हर बार ज्ञान नई दृष्टि, नए रूप में सामने आता है उसे पुराणी व्याख्याओं से आगे बढ़ा कर देखा जाता है , न की अस्वीकार करके ऐसे हम अपना ही नुकसान करते हैं..खैर ..

अच्छा लगता है जब आप जैसे मित्र पूर्वाग्रह छोड़ कर चर्चा के लिए तैयार होते हैं. कोई बात बुरी लगी हो तब क्षमा कीजिएगा. आपकी सहृदयता के कारण स्पस्ट कहने का मन हुआ.

संगीता पुरी जी ने कहा:

लवली जी .. बहुत अच्‍छा लगा कि आप मेरे ब्‍लॉग पर आकर इतनी लंबी टिप्‍पणी लिख गयीं .. यही मैं चाहती हूं कि ब्‍लॉगिंग की दुनिया में हमेशा स्‍वस्‍थ बहस हो .. पर आपका ये भ्रम है किवास्तविक विज्ञान को इस डर से लोगों के सामने आने नही दिया जाता की कहीं वे प्रगति का मार्ग दिखा कर लोगों को दुःख तकलीफों से मुक्त न कर दे.दुनिया में हर वक्‍त बल, बुद्धि और व्‍यवासायिक ज्ञान में से कुछ भी न रखने वाले लोग होते हैं .. जिनके पालन पोषण के लिए उन्‍हे सहारा देने की आवश्‍यकता होती है .. वे खुद रास्‍ता नहीं बना सकते .. पर दिखाए रास्‍ते पर तल्‍लीनता से चल सकते हें .. आज की दुनिया में भी ऐसे व्‍यक्ति हैं .. पर उनमें से जो धन संपन्‍न हैं उनकी स्थिति ठीक है .. कोई ट्रेनिंग ले सकते हैं वे .. बाकी के कष्‍ट की सीमा नहीं .. उनके लिए आज के विज्ञान ने कोई व्‍यवस्‍था नहीं की है आज का विज्ञान 'survival of the fittest' को मानता है .. एक अंधी दौड लगाए जा रहे हैं लोग .. जो मजबूत है वो आगे बढेगा वो जितेगा जबकि जो कमजोर है ,गिरकर मर जाए .. पर धर्म ऐसा नहीं कहता .. वह हर स्‍तर के लोगों की खूबियों से फायदा उठाकर पृथ्‍वी के समस्‍त चल और अचल के कल्‍याण की बात करता है .. समाज के विभिन्‍न समुदायों को अलग अलग प्रकार के विज्ञान की जानकारी नहीं दी गयी थी .. तो बिना गणित और विज्ञान के लोहार , सुनार , पीत्‍तल का काम करने वाले , कपास के धागे निकालनेवाले , रेशम के डोर निकालनेवाले , शराब बनाने वाले, जूत्‍ते बनाने वाले या अन्‍य इतने तरह के कलाकार ने जिन जिन विधियों से अपनी अपनी कला का प्रदर्शन किया .. उसमें विज्ञान नहीं था क्‍या .. यदि आप मानती है कि आज ही सिविल इंजीनियर हैं .. तो आपकी गलतफहमी है .. इतिहास गवाह है कि प्राचीन काल में जो भी बडे बडे इमारत , मंदिर , मस्जिद और पुल बने .. वे कलाकारों के ही दिमाग की ऊपज हैं .. परेशानी तब शुरू हुई जब उच्‍च वर्ग ने इन कलाओं को महत्‍व देना कम कर दिया .. और चूंकि उच्‍च वर्ग के हिस्‍से में अनाज थे .. इसलिए कलाकारों को शोषण का शिकार बनना पडा .. कम मजदूरी देकर उनसे काम करवाए जाते रहे .. जिन्‍हे कालांतर में शूद्र कहा जाने लगा .. उन्‍हें मैं प्राचीन भारत का बडा कलाकार मानती हूं !!
सती प्रथा, मानव वध(बलि) और बहुपत्नी प्रथा तब आयी समाज में जब धर्म के नाम पर ताकतवर ने कमजोरो का शोषण करना शुरू कर दिया था .. हमेशा से गुंडो को समाज में उत्‍पात मचाने का एक बहाना चाहिए होता है धर्म एक बहाना बन गया होगा .. जब सामाजिक राजनीतिक स्थिति के कमजोर पडने से पति के मरने के बाद पत्‍नी को राजाओं या उनके आदमियों द्वारा उठाकर ले जाया जाता हो .. तो जीवनभर झेलने से एक बार मर जाना क्‍या बुरा रहा होगा .. जिस व्‍यक्ति के संतान न होने से मजबूत लोग उसकी संपत्ति को अपने में में मिला लेते हो .. उसका संतान के लिए दूसरा या चौथा विवाह करना क्‍या नाजायज होता होगा .. धर्म की छिछली जानकारी रखनेवालों के लिए ही धर्म खराब हो जाता है .. पर मसेहनजोदडो और हडप्‍पा की खुदाई में हम सारी व्‍यवस्‍था को पाते हैं .. ये सब व्‍यवस्‍था धर्म के क्षरा ही संभव है .. बस धर्म के नाम पर कमा रहे बेईमान लोगों को अलग करना होगा ।

 

लवली कुमारी /  जी ने कहा .

संगीता जी मैंने कभी ऐसा नही कहा की विज्ञान सिर्फ आज ही है(पर हर बार कार्य पहले होता है व्याख्या बाद में ) ...बल्कि सच यही है प्राचीन विज्ञान की दुर्दशा होनी आरम्भ हुई जब चंद मुठ्ठी भर लोगों ने पुरे समाज पर कब्ज़ा कर लिया.
उससे पहले हमारा प्राचीन ज्ञान इतना समृद्ध था की ६ - ७ वीं सदी में ब्रह्मगुप्त जैसे गणितज्ञों ने पृथ्वी की परिधि की गणना लगभग सही ही बताई थी.मुझे भारतीय ज्ञान पर कोई संदेह नही कृपया यह भ्रम आप मन से निकल दे.
पर एक साख्य दर्शन भी हुआ करता था हिन्दू धर्म में उसे ब्राह्मणों ने किस कारण अछूत कर रखा है उसका कारण आप बताएंगी ? क्या सिर्फ इसलिए की वह निरीश्वर वादी दर्शन था..?
मैं भारत के ज्ञान और परम्परा की इज्जत करती हूँ, इसलिए नही की मैं भारतीय हूँ इसलिए की हम
किसी वक्त समकालीन सभ्यताओं से बहुत आगे थे...पर ऐसे किसी विषय का कोई महत्व नही समझती जो खुद को ही स्पस्ट न कर सके.
स्वर्ग- नरक के नाम पर सिर्फ अग्यानिओं को डराया जा सकता है ऐसा नही होता तब बाबाओं के मठ से अरबों की संपतियां और अवैध संबंधों की लम्बी लम्बी कहानियां बाहर नही आती. न ही वह संतोष होता जिसके आधार पर साधारण आदमी का खून चूसकर भी ईश्वर पर भरोसाकरने की सलाह दी जाती है.

 

लवली कुमारी / जी ने कहा

और हाँ हड्डपा और मोहेंजोदड़ो के लोग प्रकृति और प्रजनन शक्ति के पूजक थे(वहां से प्राप्त मुहरों के अनुसार ). आज मनुष्य जीवित है तो सिर्फ इसलिए की उसने प्रकृति के विरुद्ध जाकर खुद के स्थान ढूंढा प्रकृति दुरह है और उसे साधने का नाम ही विज्ञान है. हम जीवित है क्योंकि हमने प्रकृति से लड़ना सिखा. अगर की परिवार जैसी व्यवस्था न होती (ध्यान दीजिएगा की भाई -बहन जैसा कोई रिश्ता प्रकृति में नही होता ) हम अतः प्रजनन कर के कब के मर खप गए होते. यह पुर्णतः मानव निर्मित व्यवस्था है जिसमे हम जी रहे हैं और इसके चलने और इसके नियमो के संसोधन के लिए हमे किसी दैवीय शक्ति की जरुरत नही है.

 

संगीता पुरी जी ने कहा

ब्‍लॉगिंग की दुनिया से जुडने के बाद ज्‍योतिष या धर्म के क्षेत्र में शायद पहली बार स्‍वस्‍थ मानसिकता से बहस के लिए आप तैयार हुई हैं .. अभी तक मुझे या तो बाहबाही मिली या फिर आलोचना .. पर विज्ञान सिर्फ आज ही है(पर हर बार कार्य पहले होता है व्याख्या बाद में )
आपकी ये बात समझ में नहीं आयी ... पर
किसी एक युग में किसी एक घटना से किसी धर्म को खराब नहीं माना जा सकता है .. आज भी साहित्‍य , ज्‍योतिष , राजनीति या अन्‍य क्षेत्र में शीषर्स्‍थ स्‍थानों पर बैठे लोग नए लोगों या विचारों को महत्‍व नहीं देना चाहते .. अधिक लोग जिस विचारधारा को मानते हैं .. उस युग में उसी की जीत होती है .. पी एन ओक पूरे जीवन इतने रिसर्च किए .. पर वे सही थे या गलत .. इसकी जांच भी हुई .. अधिक इतिहासकार जो कह रहे हैं .. वही सही होगा .. ये तो आज के युग की की बात है .. उतने पुराने एक उदाहरण में आप क्‍यूं जाती हैं ??

 

लवली कुमारी / जी ने कहा

बात पुराणी चीजो की आपने आरम्भ की इसलिए मैंने वहां का परिप्रेक्ष्य दिया..और 'survival of the fittest' की अवधारणा विज्ञान "के लिए" प्रतिपादित नही है बल्कि प्रकृति के चयन को देखकर सामने आई है.
(पर हर बार कार्य पहले होता है व्याख्या बाद में ) - इसका अर्थ यह है की पहिए की खोज पहले हुई गति का नियम बाद में आया, पर उसका सत्यापन तो हुआ न. कृपया व्यवस्था गत खामिओं के लिए वैज्ञानिको को दोष न दें ..अगर हमने उनके खोजों का गलत उपयोग किया है जिम्मेवार हम है विज्ञान नही.

 

संगीता पुरी जी ने कहा

पुर्णतः मानव निर्मित व्यवस्था है जिसमे हम जी रहे हैं
बिल्‍कुल सहमत हूं आपसे .. इसमें संशोधन के लिए दैवीय शक्ति की आवश्‍यकता भी नहीं है .. इससे भी सहमत हूं .. पर प्रकृति के विरूद्ध कहां जा पाएंगी आप .. आपको बुद्धि प्रकृति ने ही दी है .. जब तक प्रकृति का साथ मिलता है .. लोगों को उसका महत्‍व समझ में नहीं आता .. जिस प्रकार पैसेवाले घर में जन्‍म लेनेवाले लोग पैसों को महत्‍व नहीं देते .. पर जैसे ही प्रकृति का साथ नहीं मिलता है .. उसके महत्‍व को स्‍वीकारते हैं .. मैने अपने जीवन में कितनो को देखा है ऐसा करते .. क्‍या गलती थी रूचिका गिरहोत्रा की .. या अभी भी उससे भी बदतर जीवन जी रही हजारो हजार लडकियों की .. क्‍या आप दावा कर सकती है कि पूरे नौ महीने डॉक्‍टर के देख रेख में रहने के बाद भी बालक असामान्‍य शारीरिक बनावट लेकर नहीं आ सकता है .. इस दौरान सोनोग्राफी की छूट नहीं दी जाए तो !!

 

लवली कुमारी / जी ने कहा

और मैंने कभी किसी चीज के प्रति अस्वस्थ्य मानसिकता नही रखी..पर लोग चर्चा करना कहाँ चाहते हैं? आगे जो लोग आएँगे या की आपकी वाहवाही और मेरी आलोचना करेंगे या फिर मेरी वाहवाही और आपकी आलोचना. खुद कुछ कहेंगे नही बातों का रुख मोड़ने की कोशिश कि जाएगी. ऐसे माहौल में मैं सिर्फ आपके कारण ही चर्चा के लिए तैयार हुई हूँ इसमें आपको कोई संदेह नही होना चाहिए.

 

संगीता पुरी जी ने कहा

'survival of the fittest' प्रकृति का नियम नहीं है .. यदि वह प्रकृति का नियम होता तो सब जीवो का विनाश युगों पूर्व हो गया होता .. एक एक जीव को उसकी रक्षा के लिए प्रकृति से खास खास शारीरिक विशेषताएं न दी गयी होती .. आज जो प्रजातियां दुनिया से विलुप्‍त हो रही हैं .. वे मानवीय हरकतों की वजह से !!

 

लवली कुमारी / जी ने कहा

आपको बुद्धि प्रकृति ने ही दी है- मोहतरमा, इसमे जरा अंर्तविरोध है मनुष्य को प्रकृति ने बुद्धि दी की प्रकृति प्रदत्त डरों और और जीने के लिए कभी न मरने वाली इच्छा और अंत तक संघर्ष करने की हिम्मत ही ऐसी ही चीजों थी जिसने मनुष्य में चेतना अथवा बुद्धि भरी. वे जंतु जो सामाजिक नही है जिनमे कोई समष्टि भावना नही है उनमे चेतना नही होती उदहारण के लिए आप पशु पक्षिओं को लें. चेतना मानव के सामाजिक होने का वरदान (कहा जाय तो बाई प्रोडक्ट)है.जो किसी प्रकृति प्रेरणा से नही वरन उसके डरों से अकेले न लड़ पाने के कारण अपने जैसे और सजीवों(human being) से मिलकर मुकाबला करने की प्रवृति(या जरुरत ) के कारण उपजा है.
और विनाश तो हुआ है संगीता जी विशालकाय हांथी मैमथ का डाइनासोर्स का ..मानव का भी होगा इसमें कोई संदेह नही है...अगर की मानव अपनी संख्या अंधाधुंध तरीके से बढ़ता रहा जितने की साधन उपलब्ध नही है..यह न भी हुआ तब भी अगर लोग संप्रदाय, जाति और रंगभेद जैसी कुरीतिओं से बचे रह गए तब सूरज और हमारे सौर परिवार की भी आयु निश्चित है...और हम तब तक बैठ कर सिफ मौत का इन्तिज़ार कर सकते हैं.
-----
जिस प्रकार पैसेवाले घर में जन्‍म लेनेवाले लोग पैसों को महत्‍व नहीं देते .. पर जैसे ही प्रकृति का साथ नहीं मिलता है- आपकी जानकारी के लिए मैं ने कई साल पार्श्व नाथ के बीहड़ में आदिवशिओन के लिए काम किया हैं बड़ी भी वहीँ हुई हूँ .

 

संगीता पुरी जी ने कहा

देखिए लवली जी .. जहां तक विज्ञान की बात है .. हम दोनों एक मत है .. यदि मैं विज्ञान का थोडा विरोध करती हूं तो इस बात से कि विज्ञान को अपने विकास का एक कदम बढाने से पहले उसके भविष्‍य में होनेवाले प्रभाव को सोंच लेना चाहिए , जिसे वह नहीं करता .. पर धर्म और ज्‍योतिष के मामलों में हमारे मध्‍य इतनी मतभिन्‍नता है कि एक बैठकी में तो स्‍पष्‍ट होने से रही .. इसलिए मैं यह कह दूं कि एक ही माता पिता के दो संतान भिन्‍न भिन्‍न बुद्धि के होने का कारण भी प्रकृति का ही नियम है .. तो आप नहीं मानेंगी .. आपका कहना है कि मनुष्‍य ने अपनी बुद्धि स्‍वयं विकसित की है .. यह कहना वैसे ही हास्‍यास्‍पद है जैसा कि सर्प कहे कि विष मैने अपने शरीर में खुद भरा .. पक्षी कहे कि मैने उडना स्‍वयं सीखा !!

 

लवली कुमारी / जी ने कहा

पुनः कहूँगी - चेतना मानव के सामाजिक होने का वरदान (कहा जाय तो बाई प्रोडक्ट) है
संगीता जी, पक्षी और सर्प का उड़ना और डसना जैविक गुण है जैसे मनुष्य का खाना -पीना और चलना...चेतना अथवा बुद्धि कोई जैविक गुण नही है. वह सामाजिक गुण है. पक्षिओं को हमारी तरह अपने अस्तित्व को लेकर चिंतित नही होना पड़ता है. मैं भी प्रकृति विरोधी नही हूँ पर प्रकृति के नाम पर रहस्य बनाये रखने की विरोधी हूँ.
उस व्यवस्था का विरोध करें जिसने मानव के नवीनतम ज्ञान से कोशों दूर सड़ी और गंधाती हुई शिक्षा पद्धति का निर्माण किया है इस का आरोप विज्ञान पर न लगावें (जो उसने किया ही नही)...और मुझे कोई शक नही की यह सब सिर्फ अधिसंख्यक निर्धन मनुष्यों को प्रताड़ित करने के लिए किया गया सुनियोजित उपक्रम है.
अंततः "तमसो माँ ज्योतिर्गमय " यही मनुष्य का स्वभाव होना चाहिए.
सार्थक चर्चा का धन्यवाद.

 

संगीता पुरी जी ने कहा

आपको भी बहुत बहुत धन्‍यवाद लवली जी .. मेरे चिंतन के लिए आपने कई और नए विंदु दिए !!

 

जरा मेरी भी सुनिए Copyright © 2011 -- Template created by O Pregador -- Powered by Blogger